शिक्षा विभाग की गरिमा पर सवाल : तेजी से वायरल वीडियो को लेकर अभाविप ने सौंपा ज्ञापन,

Views
मनेन्द्रगढ़- जिला शिक्षा अधिकारी, कार्यालय, मनेन्द्रगढ़ से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जिला शिक्षा कार्यालय का एक कर्मचारी टेबल पर पैर रखकर मोबाईल चलाते हुए नज़र आ रहा है। इस घटना ने विद्यालयीन शिक्षा विभाग की कार्य-संस्कृति, अनुशासन व मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अभाविप इकाई, मनेन्द्रगढ़ ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि शासकीय कार्यालयों में इस प्रकार का आचरण नियमों के प्रतिकूल है और इससे शिक्षा विभाग की गरिमा को ठेस पहुँचती है।

अभाविप ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कर्मचारियों को व्यवहार, अनुशासन एवं कार्य-संस्कृति से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाए।

वहीं इस अवसर पर नगर मंत्री बिजेन्द्र मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ विद्यार्थी परिषद बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि 5 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन हेतु बाध्य रहेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला शिक्षा प्रशासन एवं जिला प्रशासन की होगी।

नगर सहमंत्री महेश कौशिक ने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। यदि छात्रों के भविष्य के साथ ही ऐसी लापरवाही की जाएगी, तो राष्ट्र कैसे आगे बढ़ेगा? यह केवल एक कार्यालय का या एक जिले का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे तंत्र से जुड़ा गंभीर मामला है। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना आचरण पर कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक बलवीर पुशाम, नगर सहमंत्री देव कुमार, सबिता चक्रधारी, महाविद्यालय प्रमुख राजबली सिंह, नगर खेलों भारत प्रमुख अमन जायसवाल, नगर कार्यकारिणी सदस्य मनोज तिवारी, मोनित, शिवम, पूर्व नगर सहमंत्री राज़ नामदेव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा से जुड़े कार्यालयों में अनुशासन, मर्यादा व जवाबदेही अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

0/Post a Comment/Comments