छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा आयोजित रंगझांझर छत्तीसगढ़ी फिल्म अवॉर्ड नाइट: ‘मोर छैया भुइयां 3’ ने जीते सर्वाधिक पुरस्कार

Views
रायपुर- छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा रंगझांझर छत्तीसगढ़ी फिल्म अवॉर्ड नाइट का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन पिछले 15 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ी सिनेमा और कलाकारों को सम्मानित करना है।
भिलाई मड़ई में शनिवार को आयोजित इस भव्य समारोह में कैबिनेट मंत्री टंकाराम वर्मा, भाजपा विधायक राकेश सेन, कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक अरुण वोरा, छत्तीसगढ़ी फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन तथा रिसाली नगर निगम की महापौर सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

अवॉर्ड नाइट में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कई सुप्रसिद्ध चेहरे—सतीश जैन, मनोज वर्मा, रॉकी दासवानी, मोहन सुंदरानी, अनुपम वर्मा, इशिका यादव, पुष्पेंद्र सिंह, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, अशोक तिवारी, उत्तम तिवारी सहित फिल्मों और एल्बम जगत के सैकड़ों कलाकार शामिल हुए। फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक एल्बम श्रेणी में भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में सर्वाधिक पुरस्कार सतीश जैन निर्देशित फिल्म “मोर छैया भुइयां 3” को प्राप्त हुए। फिल्म को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला, वहीं सतीश जैन को बेस्ट डायरेक्टर चुना गया।
इसी फिल्म के लिए इशिका यादव को बेस्ट एक्ट्रेस और दीपक साहू को बेस्ट एक्टर का पुरस्कार प्रदान किया गया। पुष्पेंद्र सिंह और वीणा सेंद्रे को बेस्ट विलेन के खिताब से नवाज़ा गया।

अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने आगे बताया कि पिछले दो वर्षों से यह आयोजन भिलाई मड़ई में हो रहा है तथा आने वाले समय में इसे छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी आयोजित करने की योजना है। इस अवसर पर जल्द रिलीज़ होने वाली कई नई छत्तीसगढ़ी फिल्मों के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
अवार्ड नाईट को सफल बनाने में होमन देशमुख राजेश मिश्रा नवीन लोढ़ा पवन गुप्ता उर्वशी साहू उपासना वैष्णव रजनीश झाँझी महावीर चौहान प्रकाश महोबिया कौशल शर्मा सहित कई प्रमुख साथी शामिल रहे

0/Post a Comment/Comments