बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 वारंटी और 11 फरार आरोपी पकड़ाए, होटल-ढाबों से लेकर संदिग्ध ठिकानों पर दी दबिश

Views


 CG News: बिलासपुर जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़े स्तर पर कांबिंग गश्त अभियान चलाया. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई में लगभग 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.

रातभर चली इस सघन कार्रवाई में पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों, अड्डेबाजों के ठिकानों, वारंटियों के घरों, होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर दबिश दी. अभियान का असर यह रहा कि एक ही रात में 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 50 स्थाई वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं. इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़ा गया. पुलिस के इस अभियान से बदमाशों और असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई थी.

41 निगरानी बदमाशों के घर में छापा

पुलिस ने निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया. संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. एक मामले में आरोपी के कब्जे से धारदार हथियार बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

शराबी चालकों पर शिकंजा

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में 105 शराबी चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष टीमों ने समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया.

दो दिन में 150 से ज्यादा गुंडे-बदमाश गिरफ्त में

पिछले 2 दिनों में पुलिस ने 150 से अधिक गुंडा-बदमाशों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है. मंगलवार को रात्रि अभियान के दौरान 46 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़ा गया, जिनका कोर्ट चालान काटा गया.

पुलिस ने की विशेष अपील

एएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि, बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. वारंटियों, फरार आरोपियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें. अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

0/Post a Comment/Comments