राजेश राठौर
दैनिक दर्पण न्यूज़
जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया है। इस दौरान 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8 हजार 900 नशीली टैबलेट को चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) की औद्योगिक भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में 27 नवंबर को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई।
जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया गया।कार्रवाई के दौरान ASP डॉ. यूलैंडन यार्क, SDOP चांपा लौकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की जप्ती, आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई और जब्त सामग्री के विधिवत नष्टीकरण के जरिए नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने और नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की है।




Post a Comment