सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से पुलिस विभाग में कार्रवाई की बड़ी खबर सामने आई है। प्रतापपुर इलाके में जुए के अड्डे को कथित तौर पर पुलिस संरक्षण मिलने का मामला उजागर होने के बाद एसपी ने सख्त कदम उठाया है। प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।
लंबे समय से मिल रही थी जुआ संचालित होने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर क्षेत्र में काफी समय से जुए के फड़ संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। आरोप था कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से जुआ खेलने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने विशेष टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके बाद सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर स्थित एक सुनसान मकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके से 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वहां से 99 हजार रुपये नकद भी बरामद किए।
जुआरियों से पूछताछ के बाद पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
पकड़े गए जुआरियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलीं। इसके आधार पर थाना प्रभारी समेत कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका संदेह के घेरे मे आई। जांच के बाद एसपी ने थाना प्रभारी दिनेश पुरैना सहित कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
सक्ती जिले मे भी लापरवाही पर प्रशिक्षु टीआई निलंबित
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले मे भी हाल ही मे पुलिस विभाग पर कार्रवाई हुई थी। यहां तीन दिन से लापता 38 वर्षीय महेश राम केवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से मिला था। महेश 22 नवंबर की रात से लापता था। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के बाद बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई थी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि जुआ खेलने के मामले मे पुलिस की दबिश के दौरान कथित मारपीट हुई थी। इसी डर से महेश के तालाब मे छलांग लगाने की आशंका जताई गई। घटना के विरोध मे ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था।परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के साथ परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई थी। मामले की जांच के बाद एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर दिया था।

Post a Comment