केल्हारी बस हादसा: 40 मरीज रेफर होकर पहुंचे मनेंद्रगढ़, 15 डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा

Views

 



*स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सीएमएचओ से ली जानकारी, घायलों के इलाज में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी*


एमसीबी,मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे से फोन पर चर्चा कर हालात का जायजा लिया और घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।


स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


*220 बिस्तर अस्पताल में करीब 40 मरीज रेफर होकर पहुंचे*


अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी से करीब 40 मरीजों को रेफर कर मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर वाले शासकीय अस्पताल लाया गया। यहां घायलों की स्थिति का आकलन करने के लिए आवश्यक जांचें कराई गईं। अस्पताल में करीब 50 एक्स-रे किए गए, जबकि 8 से 10 मरीजों की सोनोग्राफी भी कराई गई।


डॉ. तिवारी ने बताया कि घायलों की जांच और उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ की टीम तैनात रही। नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, सर्जन, एमडी मेडिसिन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तथा रेडियोलॉजी से जुड़े चिकित्सकों सहित लगभग 15 डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की निगरानी में मरीजों का परीक्षण किया गया।


*जांच के बाद वार्ड में रखे गए मरीज*


अस्पताल अधीक्षक के मुताबिक, मरीजों की प्रारंभिक जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद उन्हें अस्पताल के वार्डों में शिफ्ट कर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। चिकित्सकीय टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है, ताकि जरूरत के अनुसार आगे का उपचार किया जा सके। हादसे में घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।


*ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में की मदद*


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।


प्रारंभिक जानकारी में बस का ब्रेक फेल होना दुर्घटना की संभावित वजह बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस बीच स्वास्थ्य विभाग घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की निगरानी में जुटा है।

0/Post a Comment/Comments