स्कूल पहुंचने के तरीके ने बढ़ाई विभाग की चिंता, जांच के बाद शिक्षक पर गिरी बड़ी कार्रवाई

Views


धमतरी। मगरलोड क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलौदी में पदस्थ व्याख्याता नारायण प्रसाद साहू को लोक शिक्षण संचालनालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई के पीछे शराब का सेवन कर स्कूल आने, शैक्षणिक जिम्मेदारियों को प्रभावित करने और बिना अनुमति लंबे समय तक ड्यूटी से गायब रहने जैसे आरोप बताए गए हैं।मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी को मिली थी। इसके बाद जांच कराई गई और जांच प्रतिवेदन के आधार पर विभाग ने आगे की कार्रवाई की।

लगातार अनुपस्थिति भी बनी कार्रवाई की बड़ी वजह

जांच के दौरान व्याख्याता की उपस्थिति को लेकर भी गंभीर स्थिति सामने आई। विभाग के अनुसार वे 1 मार्च से 5 अप्रैल 2026 तक तथा 16 जून से 23 जून 2026 तक बिना अनुमति और अवकाश आवेदन के अनुपस्थित रहे।इस तरह लंबे समय तक बिना स्वीकृति के ड्यूटी से दूर रहने को विभाग ने कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना।

जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ विभाग, फिर लिया गया फैसला

कार्रवाई से पहले लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विभाग के अनुसार नोटिस के जवाब की समीक्षा के बाद उसे संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।विभाग ने संबंधित आचरण को पदीय गरिमा के विपरीत, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत व्याख्याता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

0/Post a Comment/Comments