ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग जा रहा था आरोपी, माना कैंप पुलिस की नाकेबंदी देख भागा; कार से 21.964 किलो माल बरामद

Views

 


रायपुर :
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ माना कैंप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर कार से दुर्ग की ओर जा रहा था। मछली मार्केट के पास पुलिस की नाकेबंदी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 21.964 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 10 लाख 98 हजार 200 रुपये बताई है। तस्करी में इस्तेमाल अल्टो कार समेत जब्त सामान की कुल कीमत 13 लाख 48 हजार 200 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी

पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे माना कैंप पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर दुर्ग जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।इसी दौरान पुलिस ने अल्टो कार क्रमांक CG 04 NN 6018 को रुकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे निकलने की कोशिश की।

भागने के दौरान कार दूसरे वाहन और डिवाइडर से टकराई

पुलिस के अनुसार भागने की कोशिश में आरोपी की कार अन्य वाहन से टकराई और आगे हाट बाजार के पास डिवाइडर से जा भिड़ी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।चालक से पूछताछ के दौरान उसके जवाबों पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद कार की तलाशी ली गई।

डिक्की में मिले गांजे के 11 पैकेट

तलाशी के दौरान कार की डिक्की से गांजे की गंध आने की बात सामने आई। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में वाहन की विस्तृत तलाशी ली गई। डिक्की में दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले।पुलिस के मुताबिक इन बैगों के अंदर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए गांजे के 11 पैकेट रखे थे। वजन कराने पर सभी पैकेटों में गांजे की कुल मात्रा 21.964 किलोग्राम पाई गई।

ओडिशा से लाकर दुर्ग में बेचने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग जा रहा था। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल अल्टो कार को भी जब्त कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र यादव पिता छोटूराम यादव के रूप में हुई है। वह महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनासिल्ली के वार्ड नंबर 11, डिपरापारा का निवासी बताया गया है।

NDPS एक्ट के तहत मामला, आरोपी जेल भेजा गया

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस अब गांजे के स्रोत, उसकी सप्लाई से जुड़े लोगों और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

0/Post a Comment/Comments