Janjgir-Champa news:- चिकन के बंटवारे पर विवाद, छोटे भाई ने बड़े भाई पर टांगी से किया जानलेवा हमला

Views

 




राजेश राठौर

 दैनिक दर्पण न्यूज़ 




बीच-बचाव करने पहुंची भाभी भी घायल, राहौद पुलिस ने चंद घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र राहौद अंतर्गत बुंदेला डेरा में चिकन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर लोहे की टांगी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी पर भी टांगी से वार कर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


प्रार्थी बुधराम गोंड (40) ने थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे घर में चिकन बांटा जा रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई बजरंग गोंड (20) ने कम हिस्सा मिलने की बात को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी लोहे की टांगी से बुधराम की पीठ पर वार कर दिया। 


घटना देखकर बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी पर भी आरोपी ने सिर के पीछे टांगी से हमला कर उसे घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए टांगी को घर के पास घास में छिपाकर रखने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार जब्त कर लिया। 


पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी बजरंग गोंड निवासी बुंदेला, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह एवं राहौद सहायता केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0/Post a Comment/Comments