राजेश राठौर
दैनिक दर्पण न्यूज़
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत एक लाख रुपए, एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड
जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल की डिक्की से 2 किलो गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 1 नवागढ़ निवासी खलील मोहम्मद अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना नवागढ़ पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर डिक्की से 2 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपी खलील मोहम्मद (46), निवासी वार्ड क्रमांक 1 नवागढ़ के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गांजा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री या परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी नवागढ़, एएसआई रामकृष्ण आदित्य एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment