रायपुर में सनसनीखेज वारदात: पुराने विवाद में युवक पर चाकू से हमला, 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Views

 


रायपुर :
राजधानी रायपुर में एक बार फिर आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रजबंधा मैदान क्षेत्र में पुराने झगड़े के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

चाय दुकान पर हुई मुलाकात बनी हिंसा की वजह

यह घटना 29 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौदहापारा बस्ती निवासी निजामुद्दीन और तालाब पार क्षेत्र निवासी शेख शहीद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने या फिर एक बार बातचीत करने के लिए दोनों रजबंधा मैदान स्थित एक चाय दुकान पर मिले, लेकिन बातचीत जल्द ही झगड़े में बदल गई।

तरबूज दुकान से उठाया चाकू, युवक पर किया हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपी शेख शहीद ने पास की तरबूज दुकान से चाकू उठाया और निजामुद्दीन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के सीने, पीठ और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को तुरंत मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज कर उसकी हालत को नियंत्रित किया।

पुलिस की तेज कार्रवाई: 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन मौदहापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

मामला दर्ज, आगे की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी शेख शहीद उम्र 19 वर्ष के खिलाफ मौदहापारा थाना में अपराध क्रमांक 77/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 109 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

0/Post a Comment/Comments