Bhopal Nari Sammelan Today: महिला आरक्षण बिल के सदन में पारित नहीं होने पर आज राजधानी भोपाल में भाजपा ने नारी आक्रोश रैली का आयोजन किया है. शहर के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में सुबह 11 बजे इसका आयोजन किया जा रहा है. रैली में सीएम मोहन यादव, पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल साहित महिला मंत्री भी मौजूद रहने वाली है. भाजपा की इस रैली में करीब 30 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है.
बेटियां कानून बना सकती है – मंत्री निर्मला भूरिया
महिला आरक्षण बिल पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि ”एक समय था, जब मां अपनी बेटियों से कहती थी बेटा तुम्हें घर में रहकर चौका-चूल्हा ही करना है. लेकिन, अब माताएं सोचती हैं कि उनकी बेटी पढ़ेगी-लिखेगी और कुछ करके दिखाएगी. डॉक्टर, इंजीनियर, आईपीएस, आईएएस बनेगी. उन्होंने आगे कहा कि आज बेटी लोकसभा और विधानसभा में पहुंचकर कानून बनाने का काम भी कर सकती है.
लोकसभा में नहीं पास हुआ महिला आरक्षण बिल
महिला आरक्षण को लेकर लोकसभा में पेश किया गया 131वां संविधान संशोधन बिल 17 अप्रैल को लोकसभा में पास नहीं हो सका था. इस बिल के तहत लोकसभा में सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया था. इस बिल के पक्ष में लोकसभा में कुल 298 वोट पड़े, वहीं विरोध में 230 वोट डाले गए, जबकि बिल को पास करने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी.
रैली के लिए ट्रैफिक डायवर्जन
शहर में आयोजित होने वाली नारी आक्रोश रैली के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग के लिए एडवाइजरी जारी की है.
- रायसेन और विदिशा की ओर से आने वाले वाहन पटेल नगर, पिपलानी बीएचईएल, बोर्ड ऑफिस और एमपी नगर होते हुए लाल परेड ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे.
- नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा से आने वाली गाड़ियां ग्यारह मील, बाग सेवनिया, वीर सावरकर ओवर ब्रिज और एमपी नगर से होते हुए लाल परेड ग्राउंड पहुंचेगी.
- सीहोर की ओर से आने वाले वाहन रातीबड़, भदभदा चौराहा, माता मंदिर, लिंक रोड नंबर-1 और जिला कोर्ट से होते हुए लाल परेड ग्राउंड में खड़ी की जाएंगी.
- राजगढ़ से आने वाली गाड़ियां मुबारकपुर, लालघाटी, वीआईपी रोड, रेतघाट और पॉलिटेक्निक चौराहा होकर लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे.
- भोपाल की बसें पॉलिटेक्निक, माता मंदिर या प्रभात चौराहा जैसे अलग-अलग रास्तों से होकर लाल परेड ग्राउंड पहुंचेगी.
अतिरिक्त पाकिंग व्यवस्था
- सीहाेर की तरफ से आने वाले वाहन रवींद्र भवन में खड़े किए जाएंगे.
- राजगढ़ की ओर से आने वाले वाहन एमएलए रेस्ट हाउस में पार्क किए जाएंगे.
- अन्य जिलों से आने वाले वाहन लाल परेड ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे.
- मीडियाकर्मियों के वाहन पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पार्क किए जाएंगे.
डायवर्जन में इन रास्तों का उपयोग भी करें
- रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 6 की ओर जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, सुभाष ओवर ब्रिज और प्रभात चौराहा होकर जाएंगे.
- जवाहर चौक की तरफ जाने वाले वाहन माता मंदिर लिंक रोड नंबर-2 का उपयोग करेंगे.
- पुराने शहर से आने वाले सभी वाहन भारत टॉकीज से होकर पुल बोगदा या फिर लिली टॉकीज से जिंसी चौराहा होकर निकलेंगी.
- वीआईपी रोड की ओर से शहर की तरफ आने-जाने वाले वाहन स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा और पीएंडटी चौराहे वाले रास्ते से होकर जाएंगे.
Post a Comment