डिप्टी कमिश्नर जीएसटी राखी अग्रवाल और चेंबर के बीच सार्थक बैठक, व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ सकारात्मक मंथन

Views



नरेंद्र अरोड़ा _डिप्टी कमिश्नर जीएसटी राखी अग्रवाल और चेंबर के बीच सार्थक बैठक, व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ सकारात्मक मंथन

मनेन्द्रगढ़। जीएसटी से जुड़ी जमीनी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डिप्टी कमिश्नर जीएसटी श्रीमती राखी अग्रवाल और स्थानीय चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों व व्यापारियों के बीच एक सार्थक बैठक आयोजित की गई। श्रीमती अग्रवाल के मनेन्द्रगढ़ आगमन पर विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक में व्यापारियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर विभाग की ओर से सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

बैठक के दौरान जीएसटी रिटर्न फाइलिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतें, इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित समस्याएं, नोटिस और पेनल्टी के मामलों में स्पष्टता की कमी सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों ने बताया कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यवसायियों को जीएसटी की जटिल प्रक्रियाओं के कारण कई बार अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अग्रवाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापार को सुगम बनाना है, न कि व्यापारियों को परेशान करना।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा और आवश्यकतानुसार जागरूकता शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि व्यापारियों को नियमों की बेहतर समझ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग और व्यापारियों के बीच संवाद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, जिससे पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में चेंबर के प्रमुख पदाधिकारी एवं शहर के अनेक व्यापारी मौजूद रहे। इनमें पंकज जैन, संजीव ताम्रकार, मनीष अग्रवाल, निरंजन अग्रवाल, मनोहर लाल खोडियार, गणेश सोनी, राजेश अग्रवाल, विनय अग्रवाल, मंसूर मेमन, आनंद बोथरा, मोनू पंसारी, सुमित अग्रवाल, प्रीतेश जायसवाल, सौरभ ताम्रकार, बृजेश अग्रवाल, पलाश अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह, अमन ताम्रकार, रोहित अग्रवाल, रज्जे खनूजा और राजेश कुंभट सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

बैठक का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां व्यापारियों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

0/Post a Comment/Comments