नरेंद्र अरोड़ा _मनेन्द्रगढ़। आमा खेरवा रोड स्थित दुर्गा धाम में ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्व कल्याण एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति भाव से गूंजते भजनों और मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में एकता, धर्म और संस्कारों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने अपने उद्बोधन में भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परशुराम केवल एक योद्धा ही नहीं, बल्कि धर्म, न्याय और सत्य के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि अन्याय के खिलाफ खड़े होना और धर्म की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। वक्ताओं ने समाज को संगठित रहने, शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। संध्या तिवारी, सरोज तिवारी, सुषमा त्रिपाठी, सरला दुबे, अंजू पांडे, किरण तिवारी, ज्योति मिश्रा, सुचि पांडे, अर्चना, अरुणा शुक्ला, रिंकी तिवारी, दीपा पांडे, निशा ओझा, उत्तरा तिवारी, सुनीता शुक्ला, ममता पांडे सहित समस्त महिला गण उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं पुरुष वर्ग में जिलाध्यक्ष द्वारिका मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद तिवारी, संजय त्रिपाठी, अधिवक्ता प्रकाश शुक्ला, राजकुमार पांडे, नित्यानंद द्विवेदी,पुष्कर तिवारी,रामचरित द्विवेदी,डा. विनोद पाण्डेय, माधव त्रिपाठी अर्जुन पाठक, तिवारी, गौरव तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
Post a Comment