नरेंद्र अरोड़ा __ राजनगर/मनेन्द्रगढ़ /_पौराधार वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित ऑल इंडिया वॉलीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ समापन समारोह का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
इस अवसर पर एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज विश्वनोई, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर परिषद अध्यक्ष और जिला योजना समिति सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया, श्रद्धा महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला बिश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत आयोजक फ्रेंड्स यूनियन क्लब पौराधार एवं परिषद कर्मचारियों द्वारा तिलक, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
चार दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का आयोजन फ्रेंड्स यूनियन क्लब पौराधार के तत्वाधान में नगर परिषद डूमरकछार एवं संधान ट्रस्ट के सहयोग से किया गया जिसमें देशभर की 10 टीमों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में डब्ल्यूसीआर रेलवे जबलपुर, नडियाड अकादमी गुजरात, जयपुर, देहरादून अकादमी, गुरुग्राम सहित अन्य टीमें शामिल रहीं वहीं महिला वर्ग में रायपुर, कोलकाता, उत्तराखंड, जयपुर और नागपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में पुरुष वर्ग में हरियाणा और राजस्थान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें हरियाणा ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया वहीं महिला वर्ग में उत्तराखंड टीम ने रायपुर को 3-0 से हराकर शानदार विजय हासिल की। विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक मनोज विश्वनोई ने कहा कि सीमित संसाधनों में इतना बड़ा आयोजन करना सराहनीय है और भविष्य में भी वे खेल एवं खिलाड़ियों के लिये हर संभव सहयोग करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिये प्रेरणादायक बताया वहीं डॉ. सुनील कुमार चौरसिया ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम है और इससे उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
कार्यक्रम में आयोजक मंडल के सत्यदेव सिंह, रामनारायण यादव, रमेश सिंह, ठाकुर राम, आलोक मित्रा (केष्टो), सुदामा यादव, शिवपूजन सिंह चौहान, भरत भूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुप सिंह, श्री केवट, कमलेश त्रिपाठी, अखिलेश सिंह परिहार ने किया जबकि अंत में आलोक मित्रा (केष्टो) द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
Post a Comment