नरेंद्र अरोड़ा__
मनेंद्रगढ़। भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर एसटी, एससी, ओबीसी महासंघ के तत्वाधान में मनेंद्रगढ़ (इमली गोलाई) स्थित रानी दुर्गावती गोंडवाना भवन में संविधान यात्रा के पश्चात संवैधानिक अधिकार एवं कर्तव्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की व्यापक भागीदारी रही और पूरे आयोजन में जागरूकता, उत्साह एवं सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
संविधान यात्रा रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, जिसमें युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुलाब कमरो रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि “संविधान देश की आत्मा है, जो हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। हमें इसे केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार और जीवन में उतारना होगा।”
वरिष्ठ कांग्रेसी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह ने कहा कि “डॉ. अंबेडकर ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए संविधान का निर्माण किया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम उसके मूल सिद्धांतों की रक्षा करें और समाज में न्याय एवं समानता स्थापित करें।”
भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक जागरूक नागरिक के रूप में हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।”
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि “संविधान हमें एकजुट रखने का सबसे मजबूत आधार है। इसके माध्यम से समाज में समरसता और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रामनरेश पटेल ने कहा कि “संविधान ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। हमें इसके अधिकारों का सही उपयोग करते हुए अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करना चाहिए।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुलाब कमरो ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उनके द्वारा निर्मित संविधान आज भी देश को एकजुट और सशक्त बनाए हुए है।
जिला अध्यक्ष शरण सिंह का वक्तव्य—जिला अध्यक्ष एसटी, एससी, ओबीसी महासंघ शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “यह संविधान यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का अभियान है। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझे और एक सशक्त, समरस एवं विकसित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।” उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं आमजनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष ओबीसी महासभा एमसीबी रामनरेश पटेल, जिला अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज शरण सिंह, पूर्व जनपद अध्यक्ष ध्रुपद चौहान, परमेश्वर गुरुजी, जिला पंचायत सदस्य भगत बाबू, पूर्व नपं अध्यक्ष विष्णु दास सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
साथ ही रामा यादव, पिंटू भास्कर, आनंद राय, अज्जू रवि, अमर सिंह, उषा सिंह करयाम, लक्ष्मी दास, विकास दिवान, राजाराम कोल सहित ओबीसी महासभा एमसीबी के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, तथा क्षेत्र के एससी, एसटी, ओबीसी समाज के भाई-बहन, युवा साथी, अधिकारी-कर्मचारी, किसान, मजदूर, व्यापारी, अधिवक्ता, पंच-सरपंच एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति निष्ठा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ किया गया।
Post a Comment