राजनांदगांव _ शिवसेना द्वारा गौ रक्षा के समर्थन में चलाया जा रहा महा हस्ताक्षर अभियान जिले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिवसेना जिला प्रमुख आकाश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गौमाता को राज्य माता का दर्जा दिलाने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ तस्करी में उपयोग की जाने वाली वाहनों को राजसात करने तथा गौ हत्या करने पर हत्या का मामला दर्ज करने जैसी मांगों को लेकर यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव-गांव स्थित गौठानों को गौशाला का स्वरूप देने, घुमंतू गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कलेक्टर दर पर दो गौ सेवकों की नियुक्ति की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है। इस अभियान में शिवसेना के संभाग प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव कमल सोनी, राजनांदगांव विस अध्यक्ष मुकेश साहू, संजय यादव, नीलकंठ यादव, संजय सरपे,ज्ञानचंद लोढ़ा, आयुष वर्मा, पवन सोनी, चंद्रशेखर शुक्ला, टोमन साहू, सहित अनेक शिवसैनिक सक्रिय रूप से घर-घर जाकर जनसमर्थन के रूप में हस्ताक्षर कराने में जुटे हुवे हैं।
जिला प्रमुख श्री सोनी ने बताया कि इस महा हस्ताक्षर अभियान को आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और अब तक हजारों लोग अपने हस्ताक्षर के माध्यम से समर्थन दे चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गौ तस्करी में जब्त किए गए वाहनों को तत्काल राजसात किया जाए।
अभियान की शुरुआत 3 जुलाई को शिवसेना प्रदेश प्रमुख माननीय धनंजय सिंह परिहार द्वारा रायपुर स्थित कार्यालय से की गई थी। प्रथम चरण में इसे दुर्ग संभाग में प्रारंभ किया गया, जिसके बाद पूरे प्रदेश में यह अभियान विस्तार पा रहा है। शिवसैनिक घर-घर जाकर तथा प्रमुख चौराहों पर स्टॉल लगाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ रहे हैं।
अभियान के प्रभावस्वरूप राज्य सरकार द्वारा गौ सुरक्षा के विषय में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई तथा गौधाम की घोषणा भी की गई। वर्तमान में प्रदेशभर में गौ सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में दिनांक 27 अप्रैल को शिवसेना के पदाधिकारी मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के साथ आम जनता के समर्थन के प्रमाण स्वरूप हस्ताक्षरयुक्त प्रतियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।

Post a Comment