रायपुर : में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राष्ट्रीय जनगणना अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर आम नागरिकों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
डिजिटल जनगणना से प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और आसान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े जनगणना अभियानों में से एक को संचालित कर रहा है। छत्तीसगढ़ में भी ऑनलाइन स्व-गणना की शुरुआत हो चुकी है। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।
जनगणना से तय होगी विकास की दिशा, सरकार की योजनाओं का आधार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आधार है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाएं तैयार करती है ताकि विकास का लाभ हर वर्ग और हर क्षेत्र तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
1 मई से शुरू होगा घर घर सर्वे, 30 मई तक चलेगा पहला चरण
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा। इसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। 30 मई तक प्रगणक घर घर जाकर आवासीय और गैर आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग तथा बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार व्यवस्था की जानकारी एकत्र करेंगे।
गोपनीय रहेगा हर नागरिक का डेटा, केवल नीति निर्माण में होगा उपयोग
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि जब भी प्रगणक घर आएं तो उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय और नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य में जनगणना की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प को साकार करने में जनगणना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही आंकड़े ही बेहतर योजना और प्रभावी विकास की नींव रखते हैं। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की।
अधिकारियों की उपस्थिति में शुरू हुआ महत्वपूर्ण अभियान
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव और जनगणना नोडल अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ, रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment