नवा रायपुर | पश्चिम एशिया के देशों में जारी वर्तमान संघर्ष और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के उन नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है, जो वर्तमान में प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हो सकते हैं।
राज्य शासन ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन की लॉयजन अधिकारी सुश्री लेखा अजगल्ले को तत्काल प्रभाव से नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
*मदद के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर :*सरकार ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ का कोई भी नागरिक अकेला नहीं है। सहायता या समन्वय के लिए प्रभावित व्यक्ति या उनके परिजन सीधे इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
* नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर: 8349840582
* कार्यालयीन टेलीफोन: 011-46156000
* फैक्स नंबर: 011-46156030
*क्यों लिया गया यह निर्णय? -*पश्चिम एशिया (मिडल ईस्ट) में बिगड़ते हालातों के कारण वहां रह रहे भारतीयों, विशेषकर छत्तीसगढ़ के निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह आदेश राज्य शासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है, ताकि दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन और विदेश मंत्रालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी या अन्य आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके।
*डिजिटल हस्ताक्षर के साथ आदेश जारी :*यह आदेश आज यानी 10 मार्च 2026 को महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय, आवासीय आयुक्त और जनसंपर्क संचालनालय समेत सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
> नोट : यदि आपका कोई परिचित या रिश्तेदार पश्चिम एशिया में है, तो कृपया उन तक ये नंबर जरूर पहुँचाएँ।

Post a Comment