मनेद्रगढ़। योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ और खुशहाल जीवन शैली का संदेश देने वाली एमसीबी योग सेवा समिति के सौजन्य से 4 मार्च को आयोजित होने वाले होली मिलन समारोह में सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कार्टूनिस्ट जगदीश पाठक एवं व्यंग्यकार श्रवण कुमार उरमालिया उपस्थित रहेंगे।-कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने बताया कि - सरस्वती शिशु मंदिर के खेल प्रांगण में आयोजित होने वाले इस होली मिलन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यंग्यकार श्रवण उरमालिया एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कार्टूनिस्ट जगदीश पाठक करेंगे। देश ,समाज ,परिवार और आपसी संबंधों की छोटी बड़ी विसंगतियों को अपने चुटीले कार्टून के द्वारा प्रस्तुत करने वाले जगदीश पाठक एमसीबी जिले के ऐसे प्रथम कार्टूनिस्ट है जिनके 400 से अधिक कार्टूनिस्ट विभिन्न साहित्यिक मंचों पर एवं समाचार पत्रों में प्रकाशितहो चुके हैं। होली मिलन समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से उपस्थित रहने वाले श्रवण कुमार उरमालिया के कई व्यंग्य संग्रह राष्ट्रीय प्रकाशको के द्वारा प्रकाशित हो चुके हैं। व्यंग्य की उनकी कृति -"रागबिलबिलावल-" विशेष रूप से चर्चित रही है। होली मिलन समारोह में गायक नवल किशोर सिंह के द्वारा गायन किया जाएगा। व्यंग्य की लंबी 50 वर्षीय यात्रा एवं कार्टून के प्रति समर्पण के लिए पतंजलि योग समिति के द्वारा जगदीश पाठक का नागरिक सम्मान भी किया जाएगा। इस अवसर पर कार्टूनिस्ट पाठक की चुनिंदा कार्टून की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम प्रातः 7:00 बजे योग सत्र के पश्चात प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के संयोजक ने सांप्रदायिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के लिए आयोजित होने वाले इस होली मिलन समारोह में नगर की स्वयं सेवी संस्था एवं जनप्रतिनिधियों योग साधकों को भीआमंत्रित किया है।
Post a Comment