मनेन्द्रगढ़। जिले में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने वर्ष 2019 से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी समीर गुप्ता पिता राजाराम उम्र 19 वर्ष निवासी बस स्टैंड मनेन्द्रगढ़ लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। आरोपी के विरुद्ध सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में धारा 294, 506, 223, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसे तलाश रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मनेन्द्रगढ़ पुलिस द्वारा निरीक्षक दीपेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार उसकी पतासाजी की जा रही थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त कर ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिये लगातार अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत पुलिस टीम सक्रियता से कार्यवाही कर रही है।
इस पूरी कार्यवाही में सहायक उपनिरीक्षक चेतन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा और आरक्षक उत्तरा कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का संदेश गया है।
Post a Comment