राजेश राठौर
सक्ती (छत्तीसगढ़) | 21 फरवरी, 2026 सक्ती जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने वार्ड नंबर 2, कसेरपारा से दो सगे भाइयों को अवैध महुआ शराब की बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल..
सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल को सूचना मिली थी कि दुकालसागर के किनारे रहने वाले दो भाई, शंकर सतनामी और शिवा सतनामी (पिता राम जी सतनामी), अपने घरों से अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए विभाग ने एक 'छद्म खरीदार' (डमी ग्राहक) भेजा। जैसे ही शराब की बिक्री की पुष्टि हुई, आबकारी टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों के ठिकानों पर छापेमारी की..
भारी मात्रा में शराब बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी शंकर सतनामी के घर से 2-2 लीटर की तीन प्लास्टिक बोतलों में कुल 6 लीटर महुआ शराब मिली। वहीं, दूसरे आरोपी शिवा सतनामी के रिहायशी मकान से एक प्लास्टिक पन्नी में भरी 8 लीटर शराब बरामद की गई। कुल 14 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए विभाग ने दोनों भाइयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल..
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, आबकारी स्टाफ परसराम कहरा, कमलेश, बसंती चौधरी और नगर सैनिकों की सराहनीय भूमिका रही..

Post a Comment