एमसीबी /प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पी.एम. आशा) योजना अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत किसानों का पंजीयन सहकारी समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर ई समृद्धि पोर्टल पर किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि, जिला एमसीबी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अरहर, मूंग , उड़द, मूंगफली एवं रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु चना, मसूर, सरसों की बुवाई करने वाले कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से सेवा सहकारी समितियो में आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड में रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर साथ लेकर अपना पंजीयन कराए। उक्त योजनांतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जिले के लिए चिन्हांकित एजेंसी नैफेड द्वारा पंजीकृत फसलों का उपार्जन किया जाएगा।
दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 28 फरवरी तक किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत शासन द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीफ फसल अरहर 8000 रुपये प्रति क्विंटल, उड़द 7800 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली 7623 रुपये प्रति क्विंटल, एवं रबी फसल चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों 6500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। शासन द्वारा जिले में उपार्जन एवं भंडारण के लिए उपार्जन केंद्र के रूप में विकासखंड मनेंद्रगढ़ एवं खड़गवां के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैनपुर विकासखंड मनेंद्रगढ़ एवं विकासखंड भरतपुर के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जनकपुर को निर्धारित किया गया है।
किसान अपने निकटस्थ प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में आवेदन पत्र, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ पंजीयन करा सकते हैं।
जिले में उपार्जन केंद्रों के माध्यम से सप्ताह में 5 दिवस (सोमवार से शुक्रवार) तक फसलों का उपार्जन किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रति किसान निर्धारित सीमा के अनुसार प्रति एकड़ अरहर 3 क्विंटल, मूंग 3 क्विंटल, उड़द 3 क्विंटल, मूंगफली 7 क्विंटल तथा रबी फसल चना 6 क्विंटल, मसूर 2 क्विंटल एवं सरसों 5 क्विंटल तक उपार्जन किया जाएगा।
जिले के कृषकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि के पूर्व पंजीयन कराकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त करें।
Post a Comment