नरेंद्र अरोड़ा___
कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर
एमसीबी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में संगठन ने एक बार फिर अपने भरोसेमंद और अनुभवी नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए प्रतिमा पटवा को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें लगातार दूसरी बार सौंपी गई है जिससे स्पष्ट है कि उनके पिछले कार्यकाल को संगठन ने सफल और प्रभावशाली माना है।प्रतिमा पटवा के पुनः जिलाध्यक्ष बनाये जाने की खबर मिलते ही जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यालय एवं विभिन्न स्थानों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर अपनी खुशी का इजहार किया।
अपने पहले कार्यकाल के दौरान प्रतिमा पटवा ने महिला मोर्चा को सक्रिय और संगठित करने की दिशा में कई उल्लेखनीय प्रयास किये। उन्होंने बूथ स्तर तक महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने और सामाजिक विषयों पर जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा ने संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों पर भी प्रभावी कार्य किया। दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर प्रतिमा पटवा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश एवं जिला संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिये सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे आगे भी पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने, उन्हें नेतृत्व के लिये तैयार करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रयास करेंगी।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रतिमा पटवा का अनुभव और संगठनात्मक समझ महिला मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगी। उनके पुनः चयन से यह संदेश गया है कि पार्टी कर्मठ, सक्रिय और परिणाम देने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है।

Post a Comment