मनेन्द्रगढ़ में 31 दिसंबर को बहरूपिया महोत्सव, नववर्ष का होगा सांस्कृतिक स्वागत

Views

 


नरेंद्र अरोड़ा manendragarh./ प्राचीन भारतीय मनोरंजन की विलुप्त होती बहरूपिया की शानदार परंपरा को बचाने हेतु तथा नव वर्ष के स्वागत में स्वस्थ मनोरंजन हेतु   मनेन्द्रगढ़ में 31 दिसंबर को सांस्कृतिक मंच द्वारा बहरूपिया उत्सव का परंपरागत आयोजन होगा


31 दिसम्बर को बहरूपिया महोत्सव का भव्य आयोजन


मनेन्द्रगढ़। पुराने वर्ष को विदाई देने और नववर्ष के स्वागत को उत्सवमय बनाने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़ में बीते कई वर्षों से आयोजित हो रही बहरूपिया प्रतियोगिता इस वर्ष भी 31 दिसम्बर को भव्य रूप से आयोजित की जायेगी। यह आयोजन मनेन्द्रगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है जिसे देखने नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों और कोयलांचल क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

बहरूपिया महोत्सव में कलाकार पारंपरिक, पौराणिक, सामाजिक और समसामयिक पात्रों का रूप धारण कर अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। रंग-बिरंगे वेशभूषा, सजीव अभिनय और अनूठी प्रस्तुति दर्शकों को खासा आकर्षित करती है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोगों में इस प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह रहता है।

           कार्यक्रम के संबंध में सांस्कृतिक मंच के सदस्यों ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंच, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली एवं दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध किये जा रहे हैं। मंच के सदस्यों का कहना है कि इस वर्ष भी लोगों को स्वस्थ, पारंपरिक और सांस्कृतिक मनोरंजन का भरपूर आनंद मिलेगा।

          उल्लेखनीय है कि बहरूपिया महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल शामिल रहेंगे वहीं उनके साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, धरसीवां विधायक अनुज शर्मा  और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के भी कार्यक्रम में शिरकत करने की संभावना जताई जा रही है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और उत्साह दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

             आयोजकों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों की सहभागिता से प्रतियोगिता और अधिक रोचक होगी। नगरवासियों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सांस्कृतिक मंच ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पारंपरिक लोकमहोत्सव में शामिल होकर नववर्ष का स्वागत उल्लास के साथ करें।

0/Post a Comment/Comments

Ads 1

Sidebar Ads