धार में दिनदहाड़े SAF आरक्षक पर फायरिंग, बाइक सवार दो बदमाशों ने मधुबन होटल के पास मारी गोली, इंदौर के अस्पताल में चल रहा इलाज

Views

 


मध्य प्रदेश :
  धार जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात सामने आई है। धामनोद में एबी रोड पर मधुबन होटल के नजदीक बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने इंदौर में पदस्थ विशेष सशस्त्र बल (SAF) के एक आरक्षक को गोली मार दी। हमले में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल आरक्षक को पहले धामनोद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।

न्यायाधीश के आवास पर ड्यूटी करने जाते थे आरक्षक

घायल जवान की पहचान रामेश्वर गोयल, उम्र 36 वर्ष, पिता स्वर्गीय सोभाराम, निवासी ग्राम उठावद, थाना धरमपुरी के रूप में हुई है। वह प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर में आरक्षक क्रमांक 05 के पद पर तैनात हैं। पिछले छह वर्षों से वह धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम बिखरोन में अपने ससुराल में रह रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रामेश्वर गोयल रोजाना की तरह अपनी स्कूटी क्रमांक MP-11-MZ-4345 से दूधी बायपास स्थित कुंदा फाटे के पास मधुबन होटल जा रहे थे। वहां स्कूटी खड़ी करने के बाद वह बस से इंदौर पहुंचकर एक न्यायाधीश के आवास पर ड्यूटी करने जाते थे।

इसी दौरान एबी रोड पर मधुबन होटल के नजदीक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। हमले में आरक्षक घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

धामनोद में प्राथमिक उपचार, इंदौर के अस्पताल में भर्ती

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल आरक्षक को तत्काल धामनोद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉ. श्वेता सावले ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए इंदौर स्थित सीएचएल अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, उपचार के बाद आरक्षक की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। उनके लिए ए पॉजिटिव रक्त की व्यवस्था भी की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

फायरिंग की सूचना मिलते ही धामनोद एसडीओपी अर्चना रावत और थाना प्रभारी संतोष यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए धार के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार डावर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को जांच से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए।

साइबर सेल और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, हमलावरों की तलाश जारी

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर सेल और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर जरूरी जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।

वारदात के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पुलिस के लिए प्राथमिकता बनी हुई है।

0/Post a Comment/Comments