छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ का बड़ा निवेश, सिंगापुर की कंपनी बनाएगी एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब, किसानों को मिलेगा नया बाजार

Views


 सिंगापुर में छत्तीसगढ़ के लिए बड़ा निवेश प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ को एग्रो और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर में आयोजित एक बिजनेस फोरम के दौरान ग्लोबल एग्रीबिजनेस कंपनी वैलेंसी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के सामने राज्य में 350 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव रखा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर इस प्रस्ताव की जानकारी साझा की गई है।

प्रस्ताव के तहत कंपनी छत्तीसगढ़ में कृषि आधारित प्रसंस्करण और निर्यात से जुड़ा बड़ा केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम करेगी। इससे राज्य की कृषि उपज को स्थानीय स्तर पर प्रोसेस करने के साथ देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का रास्ता मजबूत हो सकता है।

काजू से दाल और मूंगफली तक होगी प्रोसेसिंग

प्रस्तावित इंटीग्रेटेड एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब में कई प्रमुख कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग की जाएगी। इसमें काजू, तिल, दाल और मूंगफली जैसे उत्पाद शामिल होंगे।

फिलहाल किसानों को कई कृषि उत्पादों के लिए स्थानीय स्तर पर सीमित बाजार का सामना करना पड़ता है। यदि राज्य के भीतर ही आधुनिक प्रोसेसिंग सुविधाएं विकसित होती है, तो कच्ची उपज को तैयार या प्रसंस्कृत उत्पाद में बदलकर उसकी बाजार कीमत बढ़ाने की संभावना बनेगी।

किसानों की उपज को मिलेगा बड़ा बाजार

इस परियोजना का सबसे बड़ा संभावित असर कृषि क्षेत्र पर पड़ सकता है। फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से किसानों की उपज के लिए नए खरीदार और बाजार तैयार हो सकते है। साथ ही कृषि उत्पादों को सीधे निर्यात योग्य बनाने की दिशा में भी काम हो सकेगा।

कच्चे कृषि उत्पाद की तुलना में प्रोसेस्ड फूड की बाजार वैल्यू अधिक होने के कारण किसानों और कृषि कारोबार से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे राज्य में कृषि आधारित उद्योगों की पूरी सप्लाई चेन विकसित करने में भी मदद मिल सकती है।

स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर

एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब का असर केवल कृषि कारोबार तक सीमित नही रहेगा। प्रोसेसिंग यूनिट, पैकेजिंग, स्टोरेज, परिवहन और निर्यात से जुड़े कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।

इसके साथ स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक्स और सप्लाई नेटवर्क के विस्तार की जरूरत भी बढ़ेगी। ऐसे में इस तरह के निवेश से प्रत्यक्ष रोजगार के साथ कृषि और खाद्य उद्योग से जुड़े सहायक कारोबार को भी गति मिल सकती है।

22 देशों में कारोबार करती है कंपनी

वैलेंसी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सिंगापुर मुख्यालय वाली ग्लोबल एग्रीबिजनेस कंपनी है। कंपनी की गतिविधियां दुनिया के 22 देशों तक फैली बताई गई है। छत्तीसगढ़ में निवेश का प्रस्ताव मिलने के बाद राज्य को अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार नेटवर्क से जोड़ने की संभावना भी बनती है।

यदि प्रस्तावित परियोजना आगे बढ़ती है, तो छत्तीसगढ़ की कृषि उपज को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए एक नया संस्थागत ढांचा तैयार हो सकता है।

छत्तीसगढ़ में एग्रो इंडस्ट्री को मिल सकता है नया विस्तार

राज्य सरकार लंबे समय से कृषि उत्पादों में वैल्यू एडिशन और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है। 350 करोड़ रुपए के इस प्रस्ताव को इसी रणनीति की कड़ी के तौर पर देखा जा सकता है।अब आगे परियोजना की शर्तों, स्थान, निवेश प्रक्रिया और क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं पर फैसला होना बाकी है। यदि प्रस्तावित हब जमीन पर आकार लेता है, तो छत्तीसगढ़ में कृषि उपज से लेकर प्रोसेसिंग और निर्यात तक की पूरी श्रृंखला को एक जगह जोड़ने की दिशा में यह अहम कदम साबित हो सकता है।

0/Post a Comment/Comments