राजनांदगांव। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 08 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित 13वीं विश्व स्तरीय स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैम्पियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राजनांदगांव के पुलिस जवान एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सितलेश पटेल ने सीनियर वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 295 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राजनांदगांव और छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है।
सितलेश ने लगातार चौथी बार विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इससे पहले भी वे विश्व स्तर पर तीन पदक अपने नाम कर चुके हैं। वर्ष 2023 में भारत में कांस्य पदक, वर्ष 2024 में कजाकिस्तान में स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2025 में थाईलैंड में रजत पदक हासिल करने के बाद वर्ष 2026 में किर्गिस्तान में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने पदकों की संख्या चार कर ली है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय टीम के कोच संदीप कड़वासरा, भारतीय टीम के मैनेजर चंद्रेश सोनी, भारतीय टीम के महासचिव बाबुल बिकाश, छत्तीसगढ़ स्ट्रेंथलिफ्टिंग के महासचिव एवं कोच तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वीर हनुमान सिंह अवॉर्ड से सम्मानित एम. हरिनाथ सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
छात्र जीवन से ही खेल और नेतृत्व में सक्रिय रहे सितलेश
सितलेश पटेल राजनांदगांव की धरती पर जन्मे और पले-बढ़े हैं। बचपन से ही उनका खेलों के प्रति विशेष लगाव रहा है। पढ़ाई के साथ उन्होंने एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं। छात्र जीवन में वे सामाजिक एवं छात्र गतिविधियों में भी सक्रिय रहे तथा कॉलेज अध्यक्ष और नगरमंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
वर्ष 2010 में पुलिस विभाग में चयनित होने के बाद उन्होंने पुलिस सेवा में भी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। अनेक गंभीर अपराधों के निराकरण में उनके महत्वपूर्ण योगदान की चर्चा रही है। पुलिस की ड्यूटी के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और एमए तथा एमसीए की शिक्षा पूर्ण की।
पुलिस सेवा, पारिवारिक जिम्मेदारियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखते हुए सितलेश ने स्वयं की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय एवं विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पांच स्वर्ण पदक हासिल किए हैं, जबकि विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में अब तक एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम कर चुके हैं। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के कप्तान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके साथ ही वे पावरलिफ्टिंग खेल के राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक भी हैं।
कोच एम. हरिनाथ ने कहा—सितलेश की मेहनत और अनुशासन युवाओं के लिए प्रेरणा
छत्तीसगढ़ स्ट्रेंथलिफ्टिंग के महासचिव एवं सितलेश के कोच एम. हरिनाथ ने कहा कि स्ट्रेंथलिफ्टिंग भारत का कई दशक पुराना खेल है, जो देश के लगभग सभी राज्यों में खेला जाता है और आज विश्व के अनेक देशों में भी अपनी पहचान बना चुका है। भारत में प्रतिवर्ष राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय एवं विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए होता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की विश्व स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैम्पियनशिप का किर्गिस्तान में 08 से 12 सितंबर तक आयोजित होना और उसमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में सितलेश पटेल का चयन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
एम. हरिनाथ ने कहा कि सितलेश एक अनुभवी, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी हैं। पुलिस विभाग की ड्यूटी, पारिवारिक जिम्मेदारियों के बाद समय निकालकर अभ्यास करना और लगातार मेहनत करते हुए विश्व स्तर तक पहुंचकर पदक जीतना उनकी लगन, मेहनत, धैर्य, सहनशीलता और अनुशासन को दर्शाता है। उन्होंने सितलेश को देश का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रोफेसर विजय मानिकपुरी ने दी शुभकामनाएं
सितलेश पटेल के मित्र एवं छात्र जीवन के सहयोगी और मार्गदर्शक प्रोफेसर विजय मानिकपुरी ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सितलेश की सफलता उनके दृढ़ संकल्प, संघर्ष और निरंतर मेहनत का परिणाम है। छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व क्षमता, खेल के प्रति जुनून और कुछ अलग करने की ललक दिखाई देती थी।
प्रोफेसर विजय मानिकपुरी ने कहा कि जीवन में अनेक जिम्मेदारियों के बावजूद सितलेश ने अपने खेल के सपने को कभी पीछे नहीं छोड़ा। पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्व के साथ पढ़ाई और खेल को निरंतर आगे बढ़ाना उनकी मजबूत इच्छाशक्ति का परिचायक है। विश्व स्तर पर लगातार चौथी बार भारत का प्रतिनिधित्व करना और चार विश्व स्तरीय पदक हासिल करना राजनांदगांव के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा, “सितलेश की यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों और अनेक जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। छात्र जीवन के एक मित्र, सहयोगी और शुभचिंतक के रूप में मुझे उनकी इस सफलता पर विशेष गर्व है।”
प्रोफेसर विजय मानिकपुरी ने विश्वास व्यक्त किया कि सितलेश आने वाले समय में भी देश और प्रदेश के लिए अनेक उपलब्धियां हासिल करेंगे तथा नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगे।
राजनांदगांव की मित्र मंडली एवं खेल प्रेमियों ने दी बधाई
सितलेश पटेल की विश्व स्तरीय उपलब्धि पर राजनांदगांव की मित्र मंडली, खेल प्रेमियों, खेल जगत से जुड़े साथियों एवं शुभचिंतकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने कहा कि राजनांदगांव की मिट्टी में पले-बढ़े एक खिलाड़ी का विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
मित्र मंडली एवं खेल प्रेमियों ने कहा कि सितलेश ने यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और अनुशासन जीवन का हिस्सा हो तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने सितलेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आने वाले अंतरराष्ट्रीय एवं विश्व स्तरीय मुकाबलों में भी देश के लिए पदक जीतते रहेंगे।
देश का गौरव, छत्तीसगढ़ का मान और राजनांदगांव की पहचान बने सितलेश पटेल को समस्त मित्र मंडली, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों की ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।
Post a Comment