दैनिक दर्पण न्यूज़
जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान चांपा के मेहंदीपारा निवासी बुल्लु सहिस के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवक बुल्लु सहिस को अवैध शराब से जुड़े मामले में पुलिस देर रात पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, युवक बुल्लु सहिस को मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई।
पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी जैसे ही उसके परिजनों और स्थानीय लोगों को मिली, आक्रोश फैल गया।
बड़ी संख्या में चांपा थाना पहुंचे परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि थाने में युवक बुल्लु सहिस के साथ मारपीट की गई थी। परिजनों का कहना है कि यदि युवक की तबीयत सामान्य थी और अचानक थाने में उसकी हालत बिगड़ी, तो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
थाने का घेराव, बड़ी संख्या में बल तैनात
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए। लोगों ने युवक बुल्लु सहिस की मौत को लेकर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चांपा थाने के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
अब पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण पोस्टमार्टम रिपोर्ट होगी। युवक के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान थे या नहीं, मौत का चिकित्सकीय कारण क्या रहा और क्या किसी बाहरी चोट अथवा अन्य कारण की भूमिका रही, इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
मामले में आरक्षक ईश्वरी राठौर निलंबित
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चांपा थाने में पदस्थ आरक्षक ईश्वरी राठौर को घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र जांजगीर सम्बद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
Post a Comment