नरेंद्र अरोड़ा । उन्होंने इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं सांसद ज्योत्सना महंत को दिया धन्यवाद_ !*
मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इसे मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल मेडिकल कॉलेज को मिली स्वीकृति नहीं, बल्कि वर्षों के सतत प्रयास, दूरदर्शी योजना और जनहित के प्रति कांग्रेस सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की नींव तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने बताया तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कोरिया जिला प्रवास के दौरान मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई थी। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार तथा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के निरंतर प्रयासों से मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने अपने बजट सत्र 2023-24 में मनेन्द्रगढ़, गीदम, जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम सहित चार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। आज उसी दूरदर्शी निर्णय और योजनाबद्ध प्रयासों का परिणाम है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति प्रदान की है।
गुलाब कमरो ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से एमसीबी जिले के गरीब एवं मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। मेडिकल कॉलेज के संचालन से न केवल स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
पूर्व विधायक ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री तथा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी हो सकी और अब मेडिकल कॉलेज के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
गुलाब कमरो ने सोशल मीडिया पर मेडिकल कॉलेज की प्रारंभिक प्रशासनिक प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी साझा करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि यह परियोजना कांग्रेस सरकार की जनहितकारी सोच, योजनाबद्ध कार्यशैली और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज इसकी एक महत्वपूर्ण मिसाल है।

Post a Comment