राजेश राठौर जांजगीर चांपा की रिपोर्ट जांजगीर चांपा- छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला जांजगीर-चांपा की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को कर्मचारी भवन, केरा रोड, जांजगीर में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर के मार्गदर्शन एवं जिला अध्यक्ष हरीश गोपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, संगठन विस्तार तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से विकासखंड स्तर पर तथा प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को दोपहर 1:00 बजे से जिला स्तर पर नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। संगठन के कोष एवं लेखा संधारण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश उच्च कार्यालय से प्राप्त करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय आंदोलन को सफल बनाने हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि जांजगीर-चांपा जिले से लगभग 1000 शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रत्येक विकासखंड से लगभग 200 सदस्यों को रायपुर आंदोलन में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त VSK App में आ रही तकनीकी समस्याओं से उच्च कार्यालय को अवगत कराने, संगठन विस्तार, टीईटी विषय पर सांसद-शिक्षक संवाद आयोजित करने, सहायक शिक्षकों की क्रमोन्नति, समयमान, क्रमोन्नति संबंधी न्यायालयीन प्रकरण, क्रमोन्नति हेतु विकल्प पत्र भरने तथा दिवंगत शिक्षक साथियों के परिजनों को पेंशन एवं ग्रेच्युटी दिलाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं पहल करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा आगामी आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, जिला अध्यक्ष हरीश गोपाल, विवेक राठौर, कार्यकारी जिला अध्यक्ष आशीष सिंह, रामस्वरूप साहू (ब्लॉक अध्यक्ष, बलौदा), अजय कुमार मधुकर (ब्लॉक अध्यक्ष, पामगढ़), कृष्ण कुमार यादव (ब्लॉक अध्यक्ष, अकलतरा), जयप्रकाश कश्यप (ब्लॉक अध्यक्ष, नवागढ़), संजय चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष, बम्हनीडीह), खमेलाल धीवर (ब्लॉक सचिव), प्रमित सिंह (जिला सह संयोजक), कुंवर सिंह सिन्हा, दीपक यादव, संतोष चौरागड़े, संजय कुमार यादव, योगेश कुमार सोनी, रमाकांत परौहा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई, जांजगीर-चांपा

Post a Comment