जांजगीर-चांपा में पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार, ISI से संपर्क के मिले सबूत..

Views

 



जांजगीर-चांपा कहा जाता है कि सीमा पर बैठा दुश्मन दिखाई देता है, लेकिन घर में छिपा दुश्मन सबसे घातक होता है। इसी कहावत को चरितार्थ करने वाला मामला जांजगीर-चांपा जिले में सामने आया है, जहां पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल से जुड़े एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।


 आरोपी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से संपर्क होने के सबूत मिलने का दावा किया गया है।


जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से अकलतरा क्षेत्र में रह रहा था। खुफिया एजेंसियों को उसकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। जांच के दौरान उसके मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य डिजिटल माध्यमों की पड़ताल में पाकिस्तान स्थित संदिग्ध संपर्कों से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं।प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें, महत्वपूर्ण लोकेशन और अन्य गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान भेजने का काम करता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या अकेले काम कर रहा था।


जांच एजेंसियां उसके बैंक खातों, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल और डिजिटल रिकॉर्ड की भी गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।


फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस गिरफ्तारी के बाद जिले सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।


यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि देश के लिए सबसे बड़ा खतरा केवल सीमाओं पर मौजूद दुश्मनों से नहीं, बल्कि उन लोगों से भी है जो देश के भीतर रहकर दुश्मन के लिए काम करते हैं।




0/Post a Comment/Comments