शिक्षकों ने ग्रीष्म अवकाश में निभाई जनगणना ड्यूटी; कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने हेतु तहसीलदार एवं सीएमओ जांजगीर को ज्ञापन सौंपा

Views

 



राजेश राठौर

दैनिक दर्पण न्यूज़ 


जांजगीर, 25 जून 2026।छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य में लगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर तहसीलदार जांजगीर श्री राजकुमार मरावी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी जांजगीर-नैला श्री विक्रण भगत को ज्ञापन सौंपा गया।


सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले के सैकड़ों प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने अपने ग्रीष्मकालीन विश्रामावकाश के दौरान राष्ट्रीय महत्व के कार्य ‘‘जनगणना 2027’’ के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ संपादित किया है।


फेडरेशन के जिलाध्यक्ष हरीश गोपाल ने बताया कि शिक्षा विभाग के प्रचलित नियमों के अनुसार विश्रामावकाश की अवधि में शासकीय कार्य संपादित करने वाले शिक्षकों को उसके एवज में अर्जित अवकाश (Earned Leave) की पात्रता प्राप्त होती है। अर्जित अवकाश का लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित शिक्षकों को अपने विभाग में कर्तव्य प्रमाण पत्र (Duty Certificate) प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है।


फेडरेशन ने तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आग्रह किया है कि जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को शीघ्र कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, जिससे शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की प्रशासनिक कठिनाई या विलंब का सामना न करना पड़े।


ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के जिलाध्यक्ष हरीश गोपाल सहित संपत राठौर, भूपेंद्र नेमी, जयप्रकाश सिंह, संजय यादव, संजय खरे, अंकित राठौर, विकास शर्मा, राघवेंद्र सिंह, प्रदीप राठौर, धीरेंद्र राठौर, अंबिका उपाध्याय एवं अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे।


हरीश कुमार गोपाल

जिलाध्यक्ष

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन

जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)

0/Post a Comment/Comments