गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 6.25 लाख का गांजा जब्त, दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार

Views

 


बिलासपुर।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6.25 लाख रुपये मूल्य का 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी अपने साथ पांच साल के बच्चे को भी लेकर चल रहे थे।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि उसलापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास दो महिलाएं और एक पुरुष आसमानी रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध हालत में मौजूद हैं। सूचना में उनके साथ एक छोटे बच्चे के होने की भी जानकारी दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर तीनों संदिग्धों को घेरकर पूछताछ की। इसके बाद उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई।

ट्रॉली बैग से मिला 12 किलो से ज्यादा गांजा

तलाशी के दौरान बैग के भीतर खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे गांजे के 11 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने कुल 12.405 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.25 लाख रुपये बताई जा रही है।

ओडिशा और जांजगीर-चांपा के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41), नेहा सिंह (34) तथा जांजगीर-चांपा निवासी अर्चना सिंह (27) के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं उनके साथ मिले पांच वर्षीय बच्चे को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस अब इस मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच कर रही है।

0/Post a Comment/Comments