नरेंद्र अरोड़ा manendragarh_____एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अटल आरोग्य लैब का विधिवत उद्घाटन किया*। इस अत्याधुनिक लैब के शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को विभिन्न जांचों के लिए निजी लैबों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें ब्लड टेस्ट, सीबीसी, एमपी, एएनसी सहित कई महत्वपूर्ण पैथोलॉजिकल जांचें शामिल हैं। अब मरीजों को महंगे निजी लैबों में जांच कराने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
यह लैब न केवल मनेन्द्रगढ़ बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से भी सैंपल यहां भेजे जाएंगे, जिनकी रिपोर्ट शीघ्रता से तैयार कर मरीजों के मोबाइल फोन और संबंधित अस्पतालों तक पहुंचाई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि 220 बिस्तरीय अस्पताल में शुरू हुई अटल आरोग्य लैब क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि लैब में 136 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध रहेगी और मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जांच रिपोर्ट प्रदान की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी मरीज को जांच और उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment