राजेश राठौर
दैनिक दर्पण न्यूज़
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है… जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जहां जमीन विवाद ने रिश्तों का ऐसा कत्ल किया… कि एक बेटे ने ही अपने बूढ़े माता-पिता समेत मासूम भतीजा-भतीजी को मौत के घाट उतार दिया। धारदार कुल्हाड़ी से किए गए इस खूनी खेल के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। चार लाशें… खून से सनी खाट… और गांव में पसरा मातम… जिसने हर किसी की रूह कंपा दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी हत्या के मामले में 14 साल की सजा काट चुका है… और जेल से बाहर आते ही उसने फिर एक बार खून से रिश्तों को रंग दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है… वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड से बड़ा खुलासा हो सकता है।
*वीओ-1:–* जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम भवंतरा में उस वक्त सनसनी फैल गई… जब सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने एक ही परिवार के चार लोगों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। करीब जाकर देखने पर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई… क्योंकि चारों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई… और देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर सरपंच और पुलिस टीम मौके पर पहुंची… जहां चारों तरफ मातम और सन्नाटा पसरा हुआ था। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान के निर्माण कार्य में जुटा हुआ था… लेकिन जमीन विवाद ने पूरे परिवार को मौत की नींद सुला दिया। सूत्रों की मानें तो आरोपी मृतक का ही बेटा है… जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदात में शामिल रहा है… और 14 साल की सजा काटकर हाल ही में गांव लौटा था। लेकिन जेल से लौटने के बाद भी उसके सिर से खून का जुनून नहीं उतरा… और उसने एक बार फिर रिश्तों को कुल्हाड़ी से काट डाला। चार हत्याओं की इस वारदात के बाद पूरा गांव सहमा हुआ है। गांव के लोग रात होते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं… क्योंकि जिस बेटे ने अपने मां-बाप को नहीं छोड़ा… वो किसी का भी नहीं हो सकता। पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है… और हत्या के पीछे जमीन विवाद को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। लेकिन इस खौफनाक हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है… कि आखिर जमीन के कुछ टुकड़ों के लिए इंसान कब तक रिश्तों का कत्ल करता रहेगा?


Post a Comment