पोस्ट ऑफिस एजेंट बनकर लाखों की ठगी का आरोप, लोगों की जमा पूंजी फंसने से चांपा में हड़कंप, करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की राशि फंसी होने की आशंका है।

Views


राजेश राठौर 

दैनिक दर्पण न्यूज़ 


जांजगीर-चांपा। चांपा नगर में पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। कथित रूप से खुद को पोस्ट ऑफिस एजेंट बताकर एक व्यक्ति द्वारा कई वर्षों तक लोगों की मेहनत की कमाई एकत्रित करने और उसे जमा न करने के आरोप के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार इमली घाट निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता उर्फ कांतु पर आरोप है कि वह खुद को पोस्ट ऑफिस का अधिकृत एजेंट बताकर घर-घर जाकर लोगों से मासिक जमा योजना, बचत योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर रकम लेता था। वह लोगों को सुरक्षित निवेश और बेहतर रिटर्न का भरोसा देकर लगातार निवेश के लिए प्रेरित करता रहा।आरोपी द्वारा लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि उनकी जमा राशि पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में सुरक्षित रूप से जमा की जा रही है। इसी भरोसे के आधार पर उसने मजदूरों, छोटे व्यवसायियों, गृहिणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों को अपना निशाना बनाया। कई लोगों ने बच्चों की पढ़ाई, शादी और भविष्य की जरूरतों के लिए वर्षों की बचत उसके माध्यम से जमा कराई थी।


मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ हितग्राही अपनी जमा राशि की जानकारी लेने स्थानीय पोस्ट ऑफिस पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि कई खातों में अपेक्षित राशि जमा ही नहीं की गई थी, जबकि कुछ खातों में कोई नियमित रिकॉर्ड भी नहीं मिला। इस खुलासे के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और अन्य निवेशकों ने भी अपने दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।


जानकारी फैलते ही दर्जनों पीड़ित बुधवार को आरोपी के इमली घाट स्थित घर पहुंच गए। करीब 50 से 60 लोगों ने अपनी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की। बताया जा रहा है कि आरोपी घर पर मौजूद नहीं था, जिसके बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और कुछ महिलाओं ने घर के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया।


पीड़ितों का कहना है कि केवल यादव पारा क्षेत्र में ही करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की राशि फंसी होने की आशंका है। लोगों का आरोप है कि उन्होंने मजदूरी और छोटी-छोटी बचत से यह रकम जमा की थी, जो अब वापस नहीं मिल रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत रहने और मामले की जांच का आश्वासन दिया। हालांकि पीड़ितों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी पूरी जमा राशि की वापसी चाहिए।

घटना के बाद चांपा में लोगों के बीच भय और चिंता का माहौल है। कई लोग अब अपने निवेश और बचत योजनाओं को लेकर सतर्क हो गए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है, जबकि पीड़ित परिवार अपनी वर्षों की जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

0/Post a Comment/Comments