CG News: बिलासपुर पहुंचे भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में हुए साड़ी घोटाले, नक्सलवाद, धर्मांतरण कानून सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यहां कौन सा ऐसा विभाग है जिसमें भ्रष्टाचार नहीं होता है. पूरा विषय जांच का है, पर मामले पर जांच कभी होगी नहीं. जो व्यक्ति जांच की मांग करता है और सवाल करता है, उस पर केस हो जाता है. PWD, जल संसाधन और कृषि विभाग सहित सभी में भ्रष्टाचार जारी है.
PWD में वर्क ऑर्डर पहले होता है और टेंडर बाद में. कृषि विभाग अफीम और गांजे की खेती को बढ़ावा दे रहा है. अब सरकारी विभागों की प्राथमिकताएं बदल गई हैं. वर्तमान समय में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं.
नक्सलवाद पर भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना
भूपेश बघेल ने नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार दावा करती है कि नक्सलवाद समाप्त हो चुका है, तो वहां से सुरक्षा बलों को हटा लेना चाहिए और भाजपा नेताओं की सुरक्षा भी समाप्त कर देनी चाहिए.
कानून धर्म की आड़ में हो रही राजनीति
छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य संशोधित अधिनियम पर उन्होंने कहा कि यह कानून धर्म की आड़ में राजनीति करने वाले लोगों के सुधार के लिए है. छत्तीसगढ़ में जबरन धर्मांतरण करने वालों के खिलाफ हमने कार्रवाई की थी. हमारे शासनकाल में कुल 15 शिकायतें हुई थीं, जिसमें से 8 गलत पाई गई थीं और 7 मामले सही पाए गए थे, जिनमें कार्रवाई हुई. अभी संशोधन कर केवल सजा बढ़ाई गई है, इससे ज्यादा कुछ नहीं किया गया है. यह मामला सुप्रीम कोर्ट में अभी भी लंबित है. राज्य सरकार को नोटिस मिला हुआ है, उसके बाद भी राज्यपाल दस्तखत कर रहे हैं.
OBC के लिए हमने 27 प्रतिशत आरक्षण किया
पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण हमने भी किया था, जो आज भी राजभवन में लंबित है. यूनिवर्सिटी बिल भी राजभवन में है. राज्यपाल उस पर दस्तखत क्यों नहीं कर रहे हैं. आगे पांच राज्यों के चुनाव पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है और बेहतर प्रदर्शन करेगी. असम को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां राजनीतिक परिस्थितियां बदलने वाली हैं.
Post a Comment