नवागांव कटघोरा में एकल अभियान की अंचल कार्य समीक्षा बैठक संपन्न, राष्ट्र धर्म सर्वोपरि के संदेश के साथ बनाई गई आगामी योजनाएं

Views

 




गढ़ उपरोड़ा/कोरबा।

एकल अभियान कोरबा के अंतर्गत एकल कार्यालय नवागांव कटघोरा में अंचल कार्य समीक्षा–2 की महत्वपूर्ण बैठक अंचल समिति अध्यक्ष के गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुई। इस बैठक में अंचल स्तर पर चल रहे विभिन्न सेवा एवं जनजागरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नई योजनाएं तैयार की गईं।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने पिछले समय में संचालित गतिविधियों, ग्राम स्तर पर चल रहे एकल विद्यालयों, सेवा कार्यों तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों पर चर्चा करते हुए उनकी प्रगति का आकलन किया। साथ ही आगामी समय में संगठन के विस्तार और कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर अंचल समिति अध्यक्ष श्री अश्वनी मिश्रा जी, डॉ. गोपाल गोस्वामी जी एवं श्री मनोज नायडू जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा का कार्य नहीं कर रहा है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण साधना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र धर्म सर्वोपरि” के भाव को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए सेवा, संस्कार और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक का मुख्य विषय कार्यकर्ता बजट रहा, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान तीन संचों में नए संच प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भी पारित किया गया, ताकि दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में एकल अभियान की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्यों, अनुशासन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्य पहुंचाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया गया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक के समापन के पश्चात सभी कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मिलन कार्यक्रम भी मनाया गया। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर अंचल अभियान प्रमुख किताब सिंह पैकरा, वेद प्रसाद यादव, बिसाहू कंवर, रूपलाल, सीता सिंह सहित अनेक संच प्रशिक्षक एवं संच व्यास उपस्थित रहे। बैठक का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।

0/Post a Comment/Comments