सुदूर वनांचल साखो में आचार्य ज्योति रौतिया के विवाह में शामिल हुए संच प्रमुख, भगवा ध्वज की छटा से सजा मड़वा

Views



कोरबा। वन बंधु परिषद् द्वारा संचालित स्वयंसेवी संस्था एकल अभियान के अंतर्गत कोरबा जिले के सुदूर वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्र संच केन्द्र देवपहरी के ग्राम साखो में एक सुखद और प्रेरणादायक अवसर देखने को मिला। यहां एकल अभियान से जुड़े सेवाभावी आचार्य ज्योति रौतिया के विवाह समारोह में संच प्रमुख सहित कई कार्यकर्ता शामिल होकर उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं देने पहुंचे।

आज सायं लगभग 4 बजे संच प्रमुख शादी स्थल ग्राम साखो पहुंचे, जहां उन्होंने नवविवाहित आचार्य ज्योति रौतिया एवं उनके परिवारजनों से भेंट कर उन्हें विवाह की हार्दिक बधाई दी। विवाह के अंतिम पारंपरिक रीति-रिवाज आमा पान सिंचाई के दौरान भी वे उपस्थित रहे और पूरे आयोजन का आनंद लिया।

इस अवसर पर देवपहरी क्षेत्र के लगभग 30 गांवों के संच प्रमुख भी उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपति ज्योति रौतिया एवं उनकी धर्मपत्नी को सुखद वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं दीं। विवाह स्थल यानी मड़वा पर लहराता भगवा ध्वज पूरे आयोजन की शोभा बढ़ा रहा था, जिसने माहौल को और भी आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बना दिया।

संच प्रमुख ने इस अवसर पर कहा कि एकल अभियान से जुड़े आचार्य केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि समाज सेवा और संस्कारों के संवाहक भी होते हैं। ऐसे पारिवारिक आयोजनों में शामिल होकर समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और संस्कारों का संदेश भी प्रसारित होता है।

अंत में सभी अतिथियों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया, विवाह समारोह में भोजन ग्रहण किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदा ली।

0/Post a Comment/Comments