महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों का बनाहिल चौक में चक्का जाम, प्रशासन ने मानी मांगें

Views



आर्थिक सहायता और मृतिका के पुत्र को रोजगार दिलाने का दिया गया आश्वासन

जांजगीर-चांपा  थाना मुलमुला थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बनाहिल चौक में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बनाहिल चौक पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को बनाहिल चौक में हुई सड़क दुर्घटना में शांति बाई धृतलहरे, पति इतवारी धृतलहरे निवासी नरियरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग को लेकर सड़क पर चक्का जाम कर दिया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया। चर्चा के दौरान प्रशासन की ओर से मृतिका के परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने तथा मृतिका के पुत्र को रोजगार दिलाने के संबंध में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही मामले में यदि किसी प्रकार की विभागीय लापरवाही सामने आती है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात भी कही गई।

प्रशासन द्वारा मांगों पर सहमति जताने के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात पुनः सुचारु हो गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला

0/Post a Comment/Comments