कटघोरा, कोरबा | 22 फरवरी
वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सक्रिय स्वयंसेवी संस्था एकल अभियान अंचल जिला कोरबा द्वारा जिला स्तरीय एकल श्री हरि सत्संग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 22 फरवरी को डॉ. अंबेडकर भवन कटघोरा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 10 संचों में से 8 मंडलियों ने भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ भारती और माँ सरस्वती के प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। ओंकार, गायत्री मंत्र, विजय महामंत्र तथा श्री हनुमान चालीसा पाठ के साथ आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ।
मुख्य अतिथियों का मार्गदर्शन
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि श्री भोजराम देवांगन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हस्त करघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित रायपुर ने अपने उद्बोधन में सनातन धर्म की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरबा के व्यवस्था प्रभारी राजीव गुप्ता जी ने भी उपस्थित जनसमूह को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। तत्पश्चात अंचल समिति अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा जी ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
मंडलियों ने बांधा समां
प्रतियोगिता में दीपका संच से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद देवपहरी, बालको, पाली, चैतमा, बेलतरा, मोरगा तथा पोंडी बत्रा की मंडलियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। सभी मंडलियों ने भक्ति, संस्कृति और परंपरा से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
निर्णायक मंडल का निर्णय
निर्णायक समिति में पारस योगी, संतोष साहू एवं जे.एस. मानसर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निर्णय के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों को मोमेंटो एवं सप्रेम राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य सभी प्रतिभागी मंडलियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समापन सत्र में प्रेरक उद्बोधन
समापन सत्र के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी जी ने अपने उद्बोधन में एकल अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए समाज जागरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का समापन माँ भारती की भव्य आरती के साथ हुआ। मंच संचालन अंचल अभियान प्रमुख किताब सिंह पैकरा द्वारा किया गया तथा उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, आचार्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष हरेराम शर्मा, पार्षद पवन अग्रवाल, अजय गर्ग, राजेश्वरी जात्रा, अनुराग तिवारी, डॉ. गोपाल गोस्वामी, मनोज नायडू, लल्लू सिंह, अजय धनोंदिया, नवीन गोयल, स्नेहलता पटेल, संजय पांडे, रमेश गुरुद्वान, संभाग स्तरीय कार्यकर्ता भागवत लाल नायक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एकल अभियान कोरबा के कार्यकर्ताओं एवं आचार्यों का सराहनीय योगदान रहा, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment