मनेन्द्रगढ़. भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी एमसीबी के जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी ने बयान जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पूरी तरह अपना नैतिक अधिकार खो दिया है और अब वह किसानों की नहीं, बल्कि अपराध और भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं की पार्टी बन चुकी है।
रामचरित द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस विधायक बलेश्वर साहू की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस विधायक पर गंभीर आरोप हैं, उसे बचाने के लिए कांग्रेस नेतृत्व, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूरी पार्टी एकजुट होकर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। यह कांग्रेस की वही पुरानी नीति है—पहले घोटाला, फिर हंगामा और अंत में पीड़ित बनने का नाटक।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन जब किसानों के हक पर डाका डालने वालों पर कार्रवाई होती है, तब वही कांग्रेस जांच एजेंसियों को बदनाम करने में लग जाती है। उन्होंने सवाल किया कि यदि विधायक बलेश्वर साहू निर्दोष हैं तो कांग्रेस को जांच से इतनी घबराहट क्यों है? गिरफ्तारी होते ही सड़क पर उतरना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस को कानून पर नहीं, केवल अपने आरोपियों को बचाने पर भरोसा है।
रामचरित द्विवेदी ने तीखे शब्दों में कहा कि भूपेश बघेल का आरोपी विधायक के समर्थन में खड़ा होना यह दर्शाता है कि कांग्रेस आज भी भ्रष्टाचारियों की संरक्षक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है—न विधायक, न पूर्व मुख्यमंत्री और न ही कांग्रेस का कोई नेता।
उन्होंने कांग्रेस को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा किसानों के हक की लूट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता अब तय कर चुकी है कि जो पार्टी अपराधियों के साथ खड़ी होती है, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
अंत में भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस के हर झूठ, हर साजिश और हर आरोपी चेहरे को भाजपा सड़क से सदन तक बेनकाब करेगी, और यह लड़ाई तब तक चलेगी जब तक किसानों और आम जनता को न्याय नहीं मिल जाता।


Post a Comment