सड़क पर कानून का साथ दे रहा आम आदमी, mParivahan ऐप से एमसीबी में बदलती यातायात निगरानी की तस्वीर..

Views नरेंद्र अरोड़ा manendragarh______
एमसीबी। अब यातायात नियमों की निगरानी केवल पुलिस के भरोसे नहीं रह गई है। एमसीबी जिले में आम नागरिक तकनीक की मदद से सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी साझा करते हुए एक नई व्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। जिला पुलिस एमसीबी की पहल और mParivahan ऐप के Citizen Sentinel फीचर ने जनभागीदारी को वास्तविक स्वरूप दे दिया है।
          26 दिसंबर 2025 को इसका प्रत्यक्ष उदाहरण सामने आया जब एक नागरिक ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के मामले को Citizen Sentinel के माध्यम से फोटो और वीडियो साक्ष्य सहित रिपोर्ट किया। जिला यातायात पुलिस द्वारा साक्ष्यों की गहन जांच के बाद उल्लंघन की पुष्टि हुई और संबंधित वाहन चालक पर 500 रुपये का ई-चालान जारी किया गया।

*कैसे काम कर रहा है Citizen Sentinel*

पुलिस अधिकारियों के अनुसार Citizen Sentinel के तहत प्राप्त शिकायतें सीधे सिस्टम में दर्ज होती हैं। प्रत्येक शिकायत का तकनीकी और कानूनी स्तर पर परीक्षण किया जाता है। बिना पुष्टि के किसी प्रकार की दंडात्मक कार्यवाही नहीं की जाती है साथ ही शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाती है जिससे नागरिकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

*नियम तोड़ने वालों में बढ़ी सतर्कता*

इस व्यवस्था का सीधा असर सड़क पर देखने को मिल रहा है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में अब यह भावना बन रही है कि उनकी गतिविधियों पर केवल चौराहे पर तैनात पुलिस ही नहीं बल्कि आसपास मौजूद आम लोग भी नजर रख सकते हैं। इससे हेलमेट, सीट बेल्ट और लेन अनुशासन जैसे नियमों के पालन में सुधार देखा जा रहा है।

*जनजागरूकता से बदले हालात*

जिला पुलिस एमसीबी द्वारा समय-समय पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के संयुक्त प्रभाव से नागरिकों में यह समझ विकसित हो रही है कि यातायात नियम केवल दंड से जुड़े नही बल्कि जीवन सुरक्षा से जुड़े हैं। लोग अब शिकायत को सूचना के रूप में देख रहे हैं ना कि किसी के विरुद्ध व्यक्तिगत कार्यवाही के तौर पर।

*नागरिकों से सहयोग की अपील*

पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे Citizen Sentinel फीचर का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार जैसे उल्लंघनों की जानकारी उपलब्ध साक्ष्यों के साथ साझा करें।

*साझा जिम्मेदारी से सुरक्षित सड़कें*

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी तभी संभव है जब यातायात व्यवस्था को केवल पुलिस की जिम्मेदारी ना मानकर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी समझा जाये। आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से एमसीबी जिले में एक अनुशासित, सुरक्षित और उत्तरदायी यातायात संस्कृति विकसित हो रही है।

0/Post a Comment/Comments