जिला कोरिया के थाना बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम बड़े साल्ही में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी को अवैध देशी कट्टा और कारतूस बेचने वाले आरोपी को भी बिहार के सहरसा जिले से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को सूचक संत कुमार केंवट द्वारा थाना बैकुण्ठपुर में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया गया था। सूचक ने बताया कि उसके माता-पिता ग्राम बड़े साल्ही में रहते थे। दिनांक 14 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 10 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी गई। घटना में पिता की मौके पर ही जलकर मृत्यु हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गईं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने सूचक के बताए संदेहियों सुरेश ठाकुर उर्फ कानपुरिया एवं अन्य के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
संयुक्त टीम ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल तथा एसडीओपी श्री राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में थाना बैकुण्ठपुर, चौकी पोड़ी बचरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्दांत अपराधी सुरेश ठाकुर उर्फ कानपुरिया एवं उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
अवैध हथियार विक्रेता बिहार से गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा बिहार से खरीदा था। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नटका उर्फ दिलखुश सरदार (19 वर्ष) निवासी जिला सहरसा (बिहार) को गिरफ्तार किया। आरोपी से 315 बोर देशी कट्टा, कारतूस एवं ₹12,000 नकद जब्त किए गए। आरोपी को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पोड़ी बचरा उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ, सउनि जी.पी. यादव, प्र.आर. सुनील साहू, आरक्षक मनोज पाण्डेय, अभिषेक यादव, महेन्द्र पुरी, रवि भगत, साइबर सेल से आरक्षक शिवम सिन्हा एवं चालक प्रताप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment