रायगढ़ में 27 अगस्त से शुरू होगा 40वां चक्रधर समारोह 2025

Views

 


रायगढ़। देश-विदेश में प्रसिद्ध रायगढ़ के चक्रधर समारोह 2025 का 40वां संस्करण आगामी 27 अगस्त से 5 सितम्बर तक आयोजित किया जाएगा। यह दस दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव जिला प्रशासन रायगढ़, छत्तीसगढ़ शासन, संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल और जन सहयोग से मनाया जाएगा। समारोह का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे और समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे।

कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 7 बजे से रामलीला मैदान, रायगढ़ में होगा। पहले दिन 27 अगस्त को गणेश वंदना और कथक नृत्य की प्रस्तुति के साथ समारोह की शुरुआत होगी। दिल्ली से पंडित राजेन्द्र गंगानी कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगे और प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

दूसरे दिन 28 अगस्त को कथक, ओडिशी, भरतनाट्यम और पंथी नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद 29 अगस्त से 4 सितम्बर तक देशभर के कलाकार, संगीतज्ञ और नर्तक विभिन्न शास्त्रीय और लोक कला प्रस्तुत करेंगे। इसमें कथक, भरतनाट्यम, ओडिशी, मोहिनीअट्टम, बांसुरी वादन, तबला वादन, छत्तीसगढ़ी लोकगीत और कव्वाली शामिल हैं।

समारोह के दौरान 1 से 3 सितम्बर तक मोतीमहल परिसर, रायगढ़ में पारंपरिक खेल जैसे कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय और स्थानीय खिलाड़ी भाग लेंगे।

समापन दिवस 5 सितम्बर को पद्मश्री डॉ. नलिनी कमलिनी अस्थाना और प्रसिद्ध गायक पद्मश्री कैलाश खेर अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव को संजीवनी देंगे। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश और विदेश में प्रदर्शित किया जाएगा।

0/Post a Comment/Comments