Janjgir-Champa big news :- प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवती पर एसिड फेंकने का आरोप, चांपा में युवक झुलसा; चार साल के रिश्ते का दर्दनाक अंत!

Views





 राजेश राठौर 

दैनिक दर्पण न्यूज़ 



आधी रात प्रेमिका के घर पहुंचा था युवक, विवाद के दौरान कांच की बोतल में रखा एसिड फेंकने का आरोप; बीडीएम अस्पताल में कराया गया उपचार, पुलिस ने बीएनएस की धारा 124(2) के तहत दर्ज किया अपराध


जांजगीर-चांपा। चांपा नगर के वार्ड क्रमांक 4 सोनारिन घाट में प्रेम संबंधों के बीच विवाद के बाद एसिड हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध में रह रही युवती ने विवाद के दौरान गुस्से में आकर युवक पर कांच की बोतल में रखा एसिड फेंक दिया। 


इस हमले में युवक के दाहिने हाथ, कलाई और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। घटना के बाद घायल युवक को शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 124(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 04 सोनारिन घाट निवासी संतोष सोनी सोने के जेवर बनाने का कारीगरी कार्य करता है। पीड़ित के मुताबिक, पिछले करीब चार वर्षों से उसका समाज की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।


पीड़ित ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान युवती अचानक गुस्से में आ गई और घर में रखी कांच की बोतल में मौजूद एसिड उसके ऊपर फेंक दिया। एसिड गिरने से उसका दाहिना हाथ, भुजा, कलाई और दाहिनी पसली का हिस्सा झुलस गया। उसने जो काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, उसका दाहिना हिस्सा भी जल गया।


घटना के बाद घायल युवक ने विनोद सोनी और अपनी बहन अंजली सोनी को इसकी जानकारी दी। परिजनों और परिचितों की मदद से उसे तत्काल शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। पीड़ित के अनुसार, 30 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह चांपा थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 124(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे प्रेम संबंधों में विवाद की बात सामने आई है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


चार साल के प्रेम संबंध के बीच ऐसा विवाद आखिर किस मोड़ पर पहुंचा कि मामला एसिड हमले तक जा पहुंचा? युवक के आरोपों की जांच में पुलिस को क्या तथ्य मिलते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

0/Post a Comment/Comments