दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप, आत्महत्या मामले में फरार पति गिरफ्तार, मायके से पैसे लाने का दबाव बनाकर करता था मारपीट, पुलिस ने अकलतरा से आरोपी को दबोचा..

Views

 



जांजगीर-चांपा। पत्नी को दहेज एवं पैसों की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने के मामले में जांजगीर पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को अकलतरा से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है।


कोतवाली पुलिस के अनुसार, थाना जांजगीर में मर्ग क्रमांक 53/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत ग्राम बिरगहनी स्थित बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर एक अज्ञात महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। बाद में मृतिका की पहचान उसके परिजनों ने श्रद्धा पटेल निवासी ग्राम सोंठी के रूप में की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक ने मृत्यु का कारण फांसी से दम घुटना तथा मृत्यु की प्रकृति आत्महत्या होना बताया। 


मामले की विवेचना के दौरान मृतिका के पिता, माता, बहनों एवं अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतिका का पति लव कुमार पटेल शादी के करीब डेढ़ वर्ष बाद से ही उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था। वह अपनी जरूरतों और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता था तथा मृतिका पर मायके से रकम लाने का दबाव बनाता था। पैसे नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट करता था। इसके अलावा आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह कर भी उसे प्रताड़ित करता था। 


परिजनों के कथनों के अनुसार, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर श्रद्धा पटेल 30 अप्रैल 2026 को बलौदा स्थित किराये के मकान से कहीं चली गई थी। इसके अगले दिन 1 मई 2026 को उसका शव ग्राम बिरगहनी के बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। जांच एवं परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। 


इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी लव कुमार पटेल उर्फ मोटन (33) पिता नकुल प्रसाद पटेल, निवासी वार्ड क्रमांक 14, यादव मोहल्ला, ग्राम एरमशाही, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर को अकलतरा से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना के संबंध में अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

0/Post a Comment/Comments