नए सपनों के साथ शुरू हुआ शिक्षा का सफर, तिल्दा-नेवरा के स्कूल में बच्चों के स्वागत से गूंजा माहौल

Views


 तिल्दा-नेवरा: शिक्षा को समाज निर्माण की सबसे मजबूत नींव मानते हुए विकासखंड तिल्दा-नेवरा के शासकीय बीएनबी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष टीकेश्वर मनहरे और पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सरस्वती पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके बाद शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया।मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों ने उनकी मेहनत की सराहना की।वहीं स्कूल में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उन्हें अध्ययन सामग्री प्रदान की गई और मिठाई खिलाकर विद्यालय परिवार से जोड़ा गया।

मंत्री टंकराम वर्मा ने बच्चों को दिए सफलता के मंत्र

कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मंत्री ने नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों में संस्कार, आध्यात्मिक ज्ञान और माता पिता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेने और जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर मेहनत करने का संदेश दिया।इस दौरान उन्होंने विद्यालय में रंगमंच निर्माण की घोषणा भी की।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध: नवीन अग्रवाल

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार कर बच्चों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी

शाला प्रवेशोत्सव में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जनपद पंचायत तिल्दा अध्यक्ष टीकेश्वर मनहरे, स्वाति वर्मा, शैल साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी, मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, नरसिंह वर्मा, रानी सौरभ जैन, टेकराम यादव, गोपाल साहू, गिरीश साहू, अनुराधा वर्मा, नरेंद्र शर्मा, राजेश चंदानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का संचार किया।

0/Post a Comment/Comments