छत्तीसगढ़ : खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल निर्णायकों के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न खेल पुरस्कारों और आर्थिक प्रोत्साहन योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक आवेदक 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकते हैं।
इन पुरस्कारों के लिए मांगे गए आवेदन
राज्य सरकार हर वर्ष खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करती है। इस बार शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद प्रोत्साहन राशि, प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
किसे मिलेगा कौन सा सम्मान
सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार दिया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक जीता हो अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला और पुरुष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान प्रदान किया जाएगा।प्रशिक्षकों और खेल निर्णायकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वीर हनुमान सिंह पुरस्कार दिया जाएगा।खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खिलाड़ियों या व्यक्तियों, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किया हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सीनियर और जूनियर टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
पुरस्कार राशि भी होगी आकर्षक
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के तहत 3 लाख रुपये की नगद राशि दी जाएगी। शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान के तहत 25-25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ट्रॉफी के अंतर्गत चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में 2 लाख रुपये और जूनियर वर्ग में 1 लाख रुपये मिलेंगे। जिन टीमों में चार से अधिक खिलाड़ी होंगे, उन्हें सीनियर वर्ग में 5 लाख रुपये और जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सभी विजेताओं को नगद राशि के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन
विभाग राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों को अलग से नगद प्रोत्साहन राशि भी देगा। इसके लिए 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच हासिल उपलब्धियों के आधार पर आवेदन किए जा सकेंगे।
खेलवृत्ति और प्रेरणा निधि के लिए भी मौका
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले या राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले 19 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी खेलवृत्ति यानी डाइट मनी के लिए आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा खेल संघों को भी वर्ष 2025-26 के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
आवेदन कहां और कैसे करें
आवेदन पत्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय, सभी जिला कार्यालयों और राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी आवेदन का प्रारूप उपलब्ध है।शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए आवेदन केवल संबंधित राज्य खेल संघ की अनुशंसा के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इस सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे जिला कार्यालय या संचालनालय में आवेदन जमा नहीं कर सकेंगे।
5 अगस्त है अंतिम तारीख
सभी पात्र आवेदकों को अपने आवेदन संबंधित दस्तावेजों और आवश्यक अनुशंसाओं के साथ 5 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में जमा करने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कारों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे और आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किए गए आवेदन पर ही विचार किया जाएगा।जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक हैं लेकिन उन्हें मान्यता प्राप्त खेल संघ से अनुशंसा नहीं मिल पाई है, वे निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत आवेदन सीधे खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर या संबंधित जिला कार्यालय में 5 अगस्त 2026 तक जमा कर सकते हैं।
Post a Comment